
दिल्ली। पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकवादी और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारों पर काम कर रहा था और दिल्ली-एनसीआर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब निवासी शुभदीप सिंह, गुरजंट सिंह, साजन सिंह और दिल्ली निवासी गगनप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी ISI हैंडलर शाहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के संपर्क में थे। वे अपनी पहचान छिपाने के लिए विदेशी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे, जो उन्हें पाकिस्तानी हैंडलरों द्वारा उपलब्ध कराए गए थे।
स्पेशल सेल ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली में पुलिस प्रतिष्ठानों, थानों, पिकेट्स और धार्मिक स्थलों की रेकी करने का जिम्मा सौंपा गया था। उसे राजधानी में गोलीबारी जैसी वारदात को अंजाम देने के निर्देश भी मिले थे।
पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलर शाहजाद भट्टी दिल्ली-एनसीआर में किसी बड़ी आतंकी घटना की साजिश रच रहा है। इसके बाद तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर दिल्ली और पंजाब में कई स्थानों पर छापेमारी की गई।
पुलिस का कहना है कि गगनप्रीत को पाकिस्तानी हैंडलरों द्वारा दिल्ली में सुरक्षा प्रतिष्ठानों की वीडियो रिकॉर्डिंग और रेकी का काम सौंपा गया था। स्पेशल सेल अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, फंडिंग चैनलों और विदेशी संपर्कों की गहन जांच कर रही है।









