उपनल के खाते से 68.39 लाख रुपये उड़ाए, फर्जी चेक से 14 बार की ठगी

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (उपनल) के बैंक खाते में सेंध लगाकर साइबर ठगों ने 68.39 लाख रुपये की बड़ी रकम उड़ा दी। जालसाजों ने फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित चेकों के जरिए 14 बार में यह रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा ली। इतना ही नहीं, ठगों ने इसी तरीके से 24.43 लाख रुपये और निकालने की कोशिश की, लेकिन बैंक की सतर्कता से सरकारी उपक्रम को अतिरिक्त नुकसान होने से बच गया। मामले में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के शाखा प्रबंधक की शिकायत पर कोतवाली देहरादून में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

हाथीबड़कला स्थित पीएनबी की सर्वे ऑफ इंडिया शाखा के प्रबंधक मनीष शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उपनल का चालू खाता उनकी शाखा में संचालित है। 18 जून 2026 को उपनल की ओर से बैंक को सूचना दी गई कि 17 जून को क्लियरिंग के माध्यम से 14 अलग-अलग चेकों के जरिए खाते से कुल 68,39,500 रुपये निकाल लिए गए हैं। उपनल अधिकारियों ने बैंक को स्पष्ट किया कि ये चेक उनकी ओर से जारी नहीं किए गए थे और उनकी मूल चेकबुक भी सुरक्षित है।

जालसाजों ने 18 जून को इसी चेक सीरीज के पांच और फर्जी चेक क्लियरिंग के लिए लगाए थे। इनके जरिए 24,43,700 रुपये निकालने की तैयारी थी। हालांकि, उपनल की शिकायत मिलने के बाद बैंक ने सतर्कता बरतते हुए इन चेकों का भुगतान रोक दिया। इससे सरकारी उपक्रम को होने वाला बड़ा अतिरिक्त नुकसान बच गया।

धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद पीएनबी ने संबंधित बैंकों से रकम रोकने और संदिग्ध खातों को फ्रीज करने का अनुरोध किया। इस पर केनरा बैंक ने एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज का खाता फ्रीज कर उसमें जमा 16,54,581 रुपये होल्ड कर दिए। शेष रकम की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं।

शाखा प्रबंधक के मुताबिक, मामले में 20 जून को ही कोतवाली में शिकायत दी गई थी, लेकिन शुरुआती स्तर पर कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। इसके बाद एसएसपी से शिकायत की गई। उनके हस्तक्षेप के बाद अब मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मामले की जांच उपनिरीक्षक कमल सिंह रावत को सौंपी गई है। पुलिस संदिग्ध बैंक खातों के केवाईसी दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

सम्बंधित खबरें