
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में 56 वर्षीय महिला विमला देवी की निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर रामनगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की भावना थी। मुख्य आरोपी अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेना चाहता था। इसी खुन्नस में उसने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर महिला को मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को वाहन से ले जाकर घटनास्थल के पास फेंक दिया था। सीसीटीवी फुटेज ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की परतें खोल दीं।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान 56 वर्षीय विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट निवासी किशनपुर छोई के रूप में हुई। घटनास्थल के निरीक्षण में महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। पुलिस ने फील्ड यूनिट बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में मुकदमा संख्या 356/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में हत्या समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने हत्याकांड के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद आरोपी एक वाहन से महिला का शव घटनास्थल के पास फेंकते नजर आए। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर ली।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए तीन डंडे, एक लोहे का पाना और एक पत्थर बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त वाहन संख्या UK04 AN6012 और मृतका के पेटीकोट का नाड़ा भी बरामद किया गया है।










