नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पुलिस कप्तान का सख्त एक्शन, आईटीआई गैंग के चार आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कप्तान डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने महज छह घंटे के भीतर चारों नामजद आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में धीरज बिष्ट भी शामिल है, जो पूर्व में छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुका है। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी शहर में चर्चित आईटीआई गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार देर रात पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि चार युवक नाबालिग बच्ची को डरा-धमकाकर और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लिया और मुखानी पुलिस को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को घटना के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं पूरे घटनाक्रम और पुलिस कार्रवाई की निगरानी करते रहे। पुलिस कप्तान ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के प्रति पुलिस की जीरो टॉलरेंस की नीति है। नाबालिगों के साथ अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने कहा कि जनपद में महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सम्बंधित खबरें