
नैनीताल। चीना पीक के घने जंगलों से लापता युवक अर्णव कुमार सिंह उर्फ प्रिंस कुमार की तलाश में नैनीताल पुलिस और एसडीआरएफ का संयुक्त रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। युवक की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन टीमों को अभियान में लगाया गया है। दुर्गम और घने जंगलों में टीमें लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, अर्णव कुमार सिंह अपने साथियों के साथ नैनीताल घूमने आए थे। छह नवंबर 2026 को चीना पीक घूमने के दौरान शाम करीब पांच बजे वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। इसके बाद से ही उनकी तलाश में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में एसपी डॉ. जगदीश चंद्र के मार्गदर्शन और सीओ नैनीताल अंजना नेगी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमें अभियान चला रही हैं। प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिसकर्मी जंगल के दुर्गम क्षेत्रों को खंगाल रहे हैं। एसएसआई दिनेश जोशी समेत थाना पुलिस और अन्य बचाव दल भी लगातार तलाश में जुटे हैं।
नैनीताल पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को लापता युवक के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। इसके लिए कोतवाली मल्लीताल के नंबर 05942-2352424, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल के मोबाइल नंबर 9411112869 और पुलिस कंट्रोल रूम नैनीताल के नंबर 9411112979 पर संपर्क किया जा सकता है।











