प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव, ज्ञान और निवेश से विकास को मिलेगी नई गति, मुख्यमंत्री धामी ने 30 प्रवासियों को किया सम्मानित

खबर शेयर करें -

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य निधि हैं। उनकी प्रतिभा, अनुभव, ज्ञान, संसाधन और सामर्थ्य का लाभ उत्तराखण्ड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। सरकार का प्रयास है कि प्रवासी उत्तराखण्डियों को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़कर उनके अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ लिया जाए। मुख्यमंत्री शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय, केदारपुरम में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने देशभर से सम्मेलन में पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए कहा कि यहां ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर में एकत्र हुए हों। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड से दूर रहने के बावजूद प्रवासियों का अपनी मातृभूमि, संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से भावनात्मक जुड़ाव बना रहता है। अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजना और आने वाली पीढ़ियों को इससे जोड़ना सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण है। इससे अन्य प्रवासी भी अपने गांवों के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन और स्वरोजगार के क्षेत्र में योगदान देने के लिए प्रेरित होंगे।

मुख्य सचिव ने बताया कि प्रवासियों से संवाद और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ तथा अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद का गठन किया गया है। प्रवासियों के पंजीकरण और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए वेबसाइट भी विकसित की गई है। उन्होंने प्रवासियों से इस वेबसाइट पर पंजीकरण कराकर प्रदेश के विकास में योगदान देने की अपील की।

सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और देशभर से आए प्रवासी उत्तराखण्डी मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें