
देहरादून। वन विभाग के अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। हरिद्वार की लालढांग रेंज में स्टोर से पांच हाथी दांत गायब होने के मामले में विभाग ने रेंजर और प्रभारी रेंजर को निलंबित कर दिया है। डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में गठित जांच में अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। सीसीएफ एचआरडी पीके पात्रो ने रेंजर अनुराग जोशी और प्रभारी रेंजर भगवत प्रसाद के निलंबन की पुष्टि की है।
दरअसल, लालढांग रेंज के स्टोर में हाथियों के करीब 15 दांत दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी। लेकिन जब विभागीय स्तर पर मौके पर जांच की गई तो स्टोर में केवल करीब 10 दांत ही मिले। शेष पांच हाथी दांत गायब पाए गए। वन विभाग के स्टोर से हाथी दांत गायब होने का मामला सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया। इसे गंभीर मामला मानते हुए विभाग ने जांच शुरू कराई और इस संबंध में यमकेश्वर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई।
लालढांग रेंज के स्टोर में हाथियों के करीब 15 दांत दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी। लेकिन जब विभागीय स्तर पर मौके पर जांच की गई तो स्टोर में केवल करीब 10 दांत ही मिले। शेष पांच हाथी दांत गायब पाए गए। वन विभाग के स्टोर से हाथी दांत गायब होने का मामला सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया। इसे गंभीर मामला मानते हुए विभाग ने जांच शुरू कराई और इस संबंध में यमकेश्वर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई।
हाल ही में डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में पूरे प्रकरण की जांच की गई। जांच रिपोर्ट में रेंजर, प्रभारी रेंजर, फॉरेस्टर और लिपिक की लापरवाही सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, स्टोर में रखे हाथी दांतों के रिकॉर्ड तैयार करने, उनकी सुरक्षा और रखरखाव में गंभीर चूक हुई थी। जांच के आधार पर विभाग ने रेंजर अनुराग जोशी और प्रभारी रेंजर भगवत प्रसाद को निलंबित कर दिया है।
हाथी दांत वन्यजीव अपराधों की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण साक्ष्य माने जाते हैं। ऐसे में वन विभाग के अपने ही स्टोर से पांच दांतों का गायब होना विभागीय निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। खास बात यह है कि मामला सामने आने के बाद एफआईआर और विभागीय जांच की कार्रवाई तो हुई, लेकिन गायब हाथी दांतों का अब तक पता नहीं चल पाया है। इन दांतों का कुल वजन कितना था, यह जानकारी भी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
अब जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई निलंबन की कार्रवाई को विभाग में जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि वन विभाग के सुरक्षित स्टोर से पांच हाथी दांत आखिर कैसे गायब हुए और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। फिलहाल इस मामले में आगे की जांच जारी है।










