
पिरान कलियर। 40 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर परिवार को बम से उड़ाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। दिल्ली निवासी एक व्यक्ति ने कलियर थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दिल्ली के नांगलोई निवासी मोहम्मद शकील सैफी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 13 नवंबर को अपने परिवार के साथ दरगाह साबिर पाक में जियारत करने आए थे। इसी दौरान उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया। आरोप है कि फोन करने वाले ने उनसे 40 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने उनके बच्चों और परिवार को ग्रेनेड बम से उड़ाने की धमकी भी दी।पीड़ित ने बताया कि इस मामले में चार नवंबर को दिल्ली के निहाल विहार थाने में भी मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। उन्होंने कलियर पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दिल्ली के निहाल विहार थाने में भी इस संबंध में मुकदमा दर्ज है।











