जमीन का सौदा कर लौट रहे व्यक्ति से 14 लाख की लूट, बाइक और एक्टिवा सवार बदमाशों ने घेरा वाहन

खबर शेयर करें -

देहरादून। छोटी दिवाली की शाम पटेलनगर क्षेत्र में बदमाशों ने दिनदहाड़े 14 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। इंद्रेश अस्पताल के पास बाइक और एक्टिवा सवार पांच-छह युवकों ने एक वाहन को घेरकर उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट की और पिछली सीट पर रखा 14 लाख रुपये नकद से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद समेत पांच-छह आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, रायवाला के हरिपुर कलां स्थित राणा कॉलोनी निवासी राजेश कुमार सोनी (45) शनिवार को पथरी बाग में एक प्लॉट का सौदा करने के बाद दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद लेकर लौट रहे थे। उनके साथ दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर भी वाहन में मौजूद थे। दोपहर करीब 3:40 बजे उनका वाहन इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर आए पांच-छह युवकों ने उनका वाहन घेर लिया।

आरोप है कि युवकों ने वाहन सवार लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच हमलावर पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा थैला लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

राजेश कुमार सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में सिद्धांत बडोनी, कार्तिक भाटिया और दीपक सिंह शेखावत को नामजद किया है। साथ ही चार-पांच अन्य लोगों के भी वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, घटना के बाद जानकारी जुटाने पर इन लोगों के नाम सामने आए। पुलिस ने रविवार दोपहर मुकदमा दर्ज कर लिया।

थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें जुटी हैं।

सम्बंधित खबरें