
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में खोतिला क्षेत्र में पैदल पुल के पास नेपाल मूल की एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। मामले में महिला के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने उसके लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, धारचूला बाजार से करीब दो किलोमीटर दूर खोतिला में पैदल पुल के समीप महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त 33 वर्षीय मीना लोहार पत्नी मोहन राम, निवासी सुनसेरा, दार्चुला (नेपाल) के रूप में की। वह वर्तमान में खोतिला क्षेत्र में रह रही थी। महिला की मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस को जांच के दौरान घर के बेड और फर्श पर खून के गहरे धब्बे मिले। घटनास्थल से खून से सना फर्श का टुकड़ा, तकिया और गद्दे के खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए। पुलिस ने इन सभी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल की बारीकी से जांच और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक फील्ड यूनिट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
महिला के बेटे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से आरोपी घर से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।
प्रभारी एसएचओ अंबी राम आर्या ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल महिला की हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही वारदात से जुड़ी पूरी तस्वीर साफ होने की बात कह रही है।











