छह माह के लिए बंद हुए बाबा केदारनाथ के कपाट, 19.14 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच दी गई बाबा केदार को विदाई

खबर शेयर करें -

केदारनाथ। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार, 11 नवंबर को शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए। सुबह छह बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष समाधि पूजा के बाद बाबा केदार के गर्भगृह के कपाट बंद हुए। इसके बाद सुबह 8:30 बजे मंदिर के मुख्य कपाट भी अगले छह माह के लिए बंद कर दिए गए। इसी के साथ वर्ष 2026 की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया।

कपाट बंद होने के पावन अवसर पर धाम में श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी रही। सुबह तड़के चार बजे से मंदिर में समाधि पूजा की प्रक्रिया शुरू हुई। परंपरानुसार बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। सुबह छह बजे गर्भगृह के कपाट बंद होने के दौरान श्रद्धालु बाबा के जयकारे लगाते रहे। इस भावुक पल में भक्तों ने नम आंखों से बाबा केदार को अगले छह माह के लिए विदाई दी।

इस अवसर पर भारतीय सेना के 15 जवानों ने बैंड की मधुर धुनों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मुख्य कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई। अब अगले छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। श्रद्धालु इसी मंदिर में बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।

कपाट बंद होने के साथ ही हिमालय की ऊंची वादियों में स्थित बाबा केदार का धाम अब छह माह के शीतकालीन विश्राम में चला गया है। हालांकि, बाबा केदार की पूजा और दर्शन का सिलसिला ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में जारी रहेगा। केदारनाथ धाम के कपाट भले ही बंद हो गए हों, लेकिन भक्तों की आस्था और हर-हर महादेव का जयघोष निरंतर गूंजता रहेगा।

सम्बंधित खबरें