
खटीमा। सुरई रेंज के जंगल में बाघ के हमले में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शनिवार सुबह जंगल में गश्त कर रही वन विभाग की टीम को युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। मौके पर युवक के घसीटे जाने के निशान, बाघ के पंजों के निशान और बाल भी मिले हैं। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि, युवक के लोअर की जेब से 65 नेपाली रुपये मिलने के बाद उसके नेपाली नागरिक होने की आशंका जताई जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे सुरई वन क्षेत्र के सरपुड़ा रमकोला से सटे इलाके में वन कर्मी गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें जंगल में खून के धब्बे और एक जोड़ी चप्पल दिखाई दी। टीम ने निशानों का पीछा किया तो कुछ दूरी पर काले रंग का लोअर मिला। इसके आगे जाने पर युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
सुरई रेंज के रेंजर आरएस मनराल ने बताया कि आशंका है कि बाघ ने युवक पर हमला कर उसे मार डाला और फिर घसीटते हुए जंगल के भीतर ले गया। एसडीओ संचिता वर्मा ने भी बाघ के हमले में युवक की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया है। नियमानुसार मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
वहीं, सत्रहमील पुलिस चौकी प्रभारी किशोर पंत ने बताया कि युवक की शिनाख्त होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल वन विभाग और पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है।











