
ऋषिकेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो गए। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते समय उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। वह कई बार रूमाल से अपने आंसू पोंछते नजर आए। इसके बाद उन्होंने मां की अर्थी को कंधा दिया।
सावित्री देवी की अंतिम यात्रा पंचूर गांव से हरिद्वार के चंडीघाट के लिए रवाना हुई, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के छोटे भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी।
89 वर्षीय सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया था। मां के निधन की सूचना मिलने के बाद से ही मुख्यमंत्री परिवार के बीच मौजूद थे। शनिवार को अंतिम दर्शन के दौरान वह काफी देर तक मां के पार्थिव शरीर के पास खड़े रहे और एकटक उन्हें निहारते रहे। बताया गया कि योगी रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे और इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया।











