
भीमताल। जिला योजना और विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पीएमजीएसवाई की तीनों डिवीजनों के अधिशासी अभियंताओं समेत कई विभागीय अधिकारियों का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं। वहीं, ओखलकांडा मल्ला रोड निर्माण में हो रही देरी की जांच के लिए एसडीएम धारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला योजना की प्रगति समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि 31 अक्टूबर तक शासन की ओर से निर्धारित न्यूनतम 58 प्रतिशत खर्च के लक्ष्य के सापेक्ष कुछ विभागों की प्रगति काफी कम है। इस पर उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक शिक्षा से 30 प्रतिशत, मुख्य चिकित्साधिकारी से 34 प्रतिशत, मुख्य कृषि अधिकारी से 35 प्रतिशत, परियोजना निदेशक उरेडा से 45 प्रतिशत और मुख्य उद्यान अधिकारी से 55 प्रतिशत धनराशि खर्च होने पर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। बाल विकास विभाग की टेंडर प्रक्रिया में धीमी प्रगति पर भी उन्होंने नाराजगी जताते हुए जवाब मांगा। साथ ही निर्देश दिए कि अधिप्राप्ति नियमावली के मानकों के अनुरूप टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाए और इसमें किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
जिलाधिकारी ने सभी निर्माणदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित कार्यों की टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी कर निर्माण शुरू कराया जाए। पर्याप्त धनराशि और समय उपलब्ध होने के बावजूद काम शुरू न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जनता के एक-एक पैसे का सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए। संबंधित विभाग तत्काल निर्माण एजेंसियों को धनराशि अवमुक्त करें और अधिकारी स्वयं भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी करें। आचार संहिता के नाम पर कार्यों में अनावश्यक विलंब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश नेगी ने बताया कि 31 अक्टूबर तक जनपद में जिला योजना के तहत 63.51 प्रतिशत, राज्य सेक्टर में 62.27 प्रतिशत, केंद्र पोषित योजनाओं में 76.96 प्रतिशत और बाह्य सहायतित योजनाओं में 100 प्रतिशत धनराशि खर्च की जा चुकी है। बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।











