
भीमताल। जनपद नैनीताल में रविवार 22 नवंबर को राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले में पांच वर्ष तक के 1,21,242 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के लिए 626 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। बूथ दिवस के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर भी छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी सरकारी और निजी चिकित्सालयों को स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार, आवश्यक जांच और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को होने वाले पल्स पोलियो अभियान के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में कुल 626 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 448 सामान्य बूथ, 152 हाई रिस्क एरिया बूथ और 26 ट्रांजिट बूथ शामिल हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि रविवार को अपने शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाने वाले बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर जाकर दवा पिलाएंगी। उन्होंने कहा कि पोलियो से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को खुराक पिलाना जरूरी है। अभियान की सफलता में अभिभावकों और आम जनता की भागीदारी महत्वपूर्ण है।











