युवा संसद प्रतियोगिता में जीजीआईसी खुर्पाताल ने मारी बाजी, दोगड़ा दूसरे और पटुवाडांगर तीसरे स्थान पर

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीबाग में शनिवार को विकासखंड भीमताल की ब्लॉक स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांसद, मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए संसदीय कार्यवाही का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जीजीआईसी खुर्पाताल ने प्रथम, जीजीआईसी दोगड़ा ने द्वितीय और जीजीआईसी पटुवाडांगर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यालयों के विद्यार्थियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तराखंड बाल संरक्षण अधिकार आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार रहे। प्रतियोगिता में जीजीआईसी भीमताल, जीजीआईसी खुर्पाताल, जीजीआईसी पटुवाडांगर, जीजीआईसी दोगड़ा और जीजीआईसी आमिया के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने समसामयिक विषयों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर संसदीय संवाद के माध्यम से अपने विचार प्रभावशाली ढंग से रखे।

मुख्य अतिथि योगेश सिंह रजवार ने कहा कि युवा संसद जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और विचारों को प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करती हैं। इनके माध्यम से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, संवाद कौशल, आत्मविश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों की संसदीय मर्यादा, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास की सराहना की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी के सहायक प्राध्यापक नवीन शर्मा, जिला समन्वयक नरेंद्र पंत, ब्लॉक समन्वयक मीना डंगवाल तथा निर्णायक मंडल के सदस्य कौस्तुभानंद कर्नाटक, योगिता सिंह और आस्मा परवीन मौजूद रहे। विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीबाग के शिक्षक गोपाल दत्त गुडवंत ने किया।

समापन पर मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और आयोजन को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों का आभार जताया।

सम्बंधित खबरें