
मुक्तेश्वर। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का भव्य आगाज हुआ। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुक्तेश्वर से साइकिल रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रोमांचक प्रतियोगिता में 18 राज्यों के साथ एयरफोर्स, आर्मी और आईटीबीपी के कुल 66 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। करीब 658 किलोमीटर की यह चुनौतीपूर्ण साइकिल यात्रा प्रदेश के 10 जनपदों से होकर 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड में इस तरह के साहसिक खेलों का आयोजन प्रदेश के लिए गर्व की बात है। मुक्तेश्वर से प्रतियोगिता की शुरुआत होना विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को विकास की एक साझा कड़ी में जोड़कर आगे बढ़ा रहे हैं। ऐसे आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कैड़ा ने पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पूर्व में जिलाधिकारी रहते हुए गर्ब्याल ने कुमाऊं की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
इस आयोजन के जरिए प्रदेश के ऐसे पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों को भी पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो अभी तक व्यापक पर्यटन पहचान से दूर हैं। राज्य के विभिन्न जनपदों को एक साझा पर्यटन श्रृंखला से जोड़कर नए पर्यटन स्थलों के विकास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।











