
मानव सभ्यता के उद्विकास में अंत्येष्टि संस्कार से जुड़े कर्मकांड समाज की आध्यात्मिक अवधारणाओं, सामाजिक स्तरीकरण, धातुकर्म ज्ञान और पार-क्षेत्रीय संपर्कों के सर्वाधिक विश्वसनीय भौतिक दस्तावेज होते हैं। प्राचीन विश्व की विभिन्न सभ्यताओं मिस्र के पिरामिड, यूनान के माइसीनियन काल, दक्षिण अमेरिका की प्री-कोलंबियन संस्कृतियों, मध्य एशिया के खानाबदोश स्तेपी कबीलों और उच्च हिमालयी घाटियों तक मृतक के चेहरे को स्वर्ण अथवा रजत मुखौटों से आच्छादित करने की परंपरा विद्यमान रही है। इस वैश्विक परिदृश्य में उत्तराखंड के चमोली जिले की नीति घाटी स्थित मलारी गांव, पश्चिमी तिब्बत और उत्तरी नेपाल से प्राप्त स्वर्ण दफन मुखौटों ने दक्षिण और मध्य एशियाई पुरातत्व के अध्ययन को एक नया और निर्णायक आयाम प्रदान किया है।

प्रागैतिहासिक और आद्य-ऐतिहासिक समाजों में मृत्यु को जीवन का अंत न मानकर एक संक्रमणकालीन अवस्था या परलोक की यात्रा के रूप में देखा जाता था। इस यात्रा में मृतक की आत्मा की सुरक्षा और पहचान को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए अनुष्ठानिक वस्तुओं का प्रयोग किया जाता था। प्राचीन धातुकर्म विज्ञान में स्वर्ण को एक ऐसी अद्वितीय धातु के रूप में पहचाना गया जो न तो संक्षारित होती है और न ही अपनी चमक खोती है; अतः इसे सूर्य, दिव्यता और अमरता के भौतिक प्रतीक के रूप में स्वीकार किया गया।

हिमालयी क्षेत्र में तिब्बती बौद्ध धर्म के आगमन (सातवीं-आठवीं शताब्दी ईस्वी) से पूर्व ‘बोन’ (Bon) और स्थानीय शमनवादी परंपराएं प्रचलित थीं, जिनके अनुसार मृत्यु के पश्चात शरीर से पृथक होने वाली आत्मा, जिसे तिब्बती परंपरा में ‘ला’ या ‘ब्ला’ कहा जाता है, को भटकने से रोकने के लिए एक स्थिर भौतिक आधार की आवश्यकता होती थी। स्वर्ण मुखौटा उस आत्मा के लिए एक सुरक्षित अनुष्ठानिक आश्रय का कार्य करता था।

इसके अतिरिक्त, स्वर्ण की दुर्लभता और इसके प्रसंस्करण में लगने वाले श्रम के कारण दफन मुखौटों का उपयोग केवल समाज के सर्वोच्च कुलीन वर्ग कबीले के सरदारों, योद्धाओं या पुरोहितों तक ही सीमित था जो तत्कालीन समाज में उभरती हुई राजनीतिक और आर्थिक असमानता का स्पष्ट द्योतक है।
निर्माण तकनीक और शिल्प-कौशल की दृष्टि से हिमालयी और यूरेशियाई क्षेत्रों से प्राप्त दफन मुखौटे तत्कालीन कारीगरों की उच्च तकनीकी दक्षता को प्रकट करते हैं। अधिकांश हिमालयी मुखौटे ढलाई (Casting) के बजाय ‘रिपॉसे’ (Repoussé) पद्धति से बनाये गए हैं। निर्माण प्रक्रिया में शुद्ध या मिश्रित स्वर्ण (Alloy) की अत्यंत पतली चादर जो एक मिलीमीटर से भी कम मोटी होती थी को किसी नरम आधार पर रखकर पीछे से बारीक औजारों से पीटा जाता था, जिससे सामने की ओर आंख, नाक, भौं और होठों की त्रि-आयामी आकृतियां उभर आती थीं।
लगभग सभी हिमालयी मुखौटों के बाहरी किनारों पर सूक्ष्म छिद्र पाए गए हैं, जिनसे पुरातत्वविदों ने यह प्रमाणित किया है कि इन मुखौटों को सीधे त्वचा पर रखने के बजाय पहले रेशम या महीन ऊनी वस्त्र के कफन पर टांका जाता था। कुछ तिब्बती मुखौटों के ललाट और मुकुट वाले भाग पर पहाड़ी भेड़, पक्षियों, वृक्षों और सीढ़ीदार संरचनाओं की सूक्ष्म नक्काशी भी मिलती है, जो मानवशास्त्रीय दृष्टिकोण से आत्मा के स्वर्गारोहण या परलोक के मार्गदर्शक प्रतीकों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
उत्तराखंड के संदर्भ में इस ऐतिहासिक खोज का घटनाक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है। मलारी में प्राचीन गुफा-शवाधानों के अस्तित्व की सबसे पहली जानकारी 1956 में प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ. शिवप्रसाद डबराल ‘चारण’ ने दी थी, जिसके आधार पर 1982-83 में गढ़वाल विश्वविद्यालय द्वारा पहला पुरातात्विक उत्खनन किया गया। किंतु स्वर्ण दफन मुखौटे की वास्तविक खोज 2001-02 में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पुरातत्वविद् डॉ. राकेश चंद्र भट्ट और प्रो. विनोद नौटियाल के नेतृत्व वाले शोध दल द्वारा की गई।
इस उत्खनन में चूना पत्थर की पहाड़ी को काटकर बनाई गई एक गुफा-कब्र से दस से पंद्रह वर्ष के किशोर मानव कंकाल के चेहरे के पास लगभग आठ गुणा सात सेंटीमीटर आकार और पांच दशमलव दो तीन ग्राम वजन का स्वर्ण मुखौटा प्राप्त हुआ। इस कब्र से घोड़े और झोपू (याक-गाय संकर) के कंकाल, लोहे के बाणाग्र, कांसे का कटोरा और हत्थेदार मृद्भांड भी मिले, जो पहली शताब्दी ईसा पूर्व से दूसरी शताब्दी ईस्वी के मध्य के पार-हिमालयी संपर्कों की पुष्टि करते हैं। यह खोज पश्चिमी तिब्बत के गूगे क्षेत्र स्थित गुरग्याम (Gurgyam) व चुताक (Chuvthag) तथा उत्तरी नेपाल के ऊपरी मुस्तांग स्थित समदोंग (Samdzong) की गुफा-कब्रों से प्राप्त स्वर्ण और रजत मुखौटों से अद्भुत समानता रखती है। यह समानता सिद्ध करती है कि उत्तराखंड की नीति घाटी और नेपाल का मुस्तांग क्षेत्र प्राचीन तिब्बती ग्रंथों में वर्णित ‘झांगझुंग’ (Zhangzhung) नामक शक्तिशाली पर्वतीय सांस्कृतिक मंडल का हिस्सा थे। साथ ही कब्रों में घोड़ों को दफनाने की प्रथा उत्तर-पश्चिमी चीन के शिनजियांग (बोमा कब्रगाह) और साइबेरिया की सिथियन तथा पाज़िरिक जैसी यूरेशियाई खानाबदोश सभ्यताओं से हिमालय के जीवंत संपर्कों को दर्शाती है।
यदि संपूर्ण भारतीय उपमहाद्वीप के संदर्भ में देखें तो भारत की मुख्य भूमि विशेषकर गंगा के मैदान और प्रायद्वीपीय भारत में मृतक के पूरे चेहरे को ढकने वाले स्वर्ण दफन मुखौटों का व्यापक प्रचलन नहीं रहा क्योंकि यहाँ वैदिक, बौद्ध और जैन परंपराओं के प्रभाव से अग्निदाह अर्थात दाह संस्कार की प्रथा स्थापित हो गई थी। तथापि, भारत के सीमावर्ती और विशिष्ट सांस्कृतिक क्षेत्रों में इसके महत्वपूर्ण पुरातात्विक प्रमाण मिलते हैं। उत्तरी हिमालय में मलारी के अतिरिक्त पूर्वोत्तर भारत में मणिपुर के सेकता (Sekta) और चेइराओचिंग (Cheiraoching) स्थलों से प्राचीन मेइतेई समाज की ‘लुपुंग-थोबा’ नामक द्वितीयक दफन प्रथा के अंतर्गत मानव खोपड़ियों के साथ स्वर्ण मुखौटे प्राप्त हुए हैं। वहीं दक्षिण भारत में तमिलनाडु के महापाषाण कालीन (लगभग 1000 से 600 ईसा पूर्व) शवाधान स्थल आदिचनल्लूर के कलश-शवाधानों से बड़ी संख्या में पतली सोने की पट्टियां (Gold Diadems या नेत्री पट्टयम) मिली हैं जिन्हें मृतक के माथे, आंखों या मुंह पर रखकर अनुष्ठानिक रूप से मोड़ दिया जाता था।
वैश्विक परिप्रेक्ष्य में यह अंत्येष्टि परंपरा विभिन्न महाद्वीपों में समानांतर रूप से विकसित हुई थी। प्राचीन मिस्र में 14वीं शताब्दी ईसा पूर्व के फराओ तूतनखामेन का लगभग ग्यारह किलोग्राम वजन का ठोस स्वर्ण मुखौटा ममीकरण और पुनर्जन्म की अवधारणा का चरम उत्कर्ष है। यूरोप में सोलहवीं शताब्दी ईसा पूर्व की माइसीनियन सभ्यता (यूनान) से हेनरिक श्लीमान द्वारा खोजा गया ‘अगामेम्नोन का मुखौटा’ कांस्य युग की उत्कृष्ट धातुकला को दर्शाता है।
इसी प्रकार दक्षिण अमेरिका में पेरू की सिकान (Sicán) और मोचे संस्कृतियों में शासकों को चौड़े आयताकार स्वर्ण मुखौटों (जिन पर लाल सिंदूर का लेप होता था) के साथ दफनाया जाता था, जबकि दक्षिण-पूर्व एशिया के इंडोनेशिया और फिलीपींस में मृतक की आत्मा को भ्रमित करने और बुरी शक्तियों से बचाने के लिए पतली स्वर्ण पट्टियों का प्रयोग प्रचलित था।
हिमालयी क्षेत्रों में हिंदू धर्म और तिब्बती बौद्ध धर्म के व्यापक प्रसार तथा दाह संस्कार एवं आकाश दफन (Sky Burial) जैसी नवीन अंत्येष्टि पद्धतियों के अपनाए जाने के कारण स्वर्ण दफन मुखौटों की यह प्राचीन प्रथा लगभग एक सहस्राब्दी पूर्व समाप्त हो गई। आज ये अवशेष किसी जीवित प्रथा के बजाय संग्रहालयों की दुर्लभ पुरातात्विक धरोहर हैं। वैदिक हिंदू अंत्येष्टि में मृतक के मुख में स्वर्ण-कण रखने या मंदिरों में शिवलिंग पर स्वर्ण-रजत ‘मुखलिंग’ चढ़ाने की परंपराओं में इस प्राचीन धातु-कला का सांस्कृतिक रूपांतरण आज भी देखा जा सकता है।
यह पुरातात्विक विमर्श इस ऐतिहासिक सत्य को स्थापित करता है कि प्राचीन काल में उच्च हिमालयी दर्रे कोई अभेद्य भौगोलिक बाधा नहीं थे, बल्कि वे मध्य एशिया, तिब्बती पठार और भारतीय उपमहाद्वीप के बीच व्यापार, कला और आध्यात्मिक विचारों के आदान-प्रदान के जीवंत सेतु थे।
◆ नीलिमा पाण्डेय, लखनऊ।











