
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के दौरान उत्तराखण्ड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ किया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगे विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, पारंपरिक शिल्पकला और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय संसाधनों में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। पारंपरिक उत्पाद प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान होने के साथ ही स्वरोजगार और आजीविका का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे आयोजन उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच हैं। इनके माध्यम से प्रदेश के कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन तथा नए बाजारों से जुड़ने के अवसर मिलते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की प्राकृतिक संपदा, विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों और पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उत्पाद प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन प्रदेश के कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों को प्रोत्साहित करने के साथ उत्तराखण्ड को आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनाएंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।











