
रुद्रपुर। फोन कॉल के जरिए साइबर ठगों ने ट्रांजिट कैंप क्षेत्र निवासी एक युवक से 3.49 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने युवक के बैंक खाते से दो किश्तों में 2.90 लाख रुपये और क्रेडिट कार्ड से दो बार में करीब 60 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की कृष्णा कॉलोनी वार्ड नंबर-2 निवासी अनिल कुमार पुत्र राजेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 6 जुलाई 2026 को एक फोन कॉल के माध्यम से उसके साथ साइबर धोखाधड़ी की गई। आरोप है कि ठगों ने उसके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से पहले 2.45 लाख रुपये और फिर 45 हजार रुपये निकाल लिए। इसके अलावा उसके क्रेडिट कार्ड से दो बार 29,997-29,997 रुपये भी ट्रांजैक्शन कर लिए गए।
पीड़ित के अनुसार इस तरह कुल 3,49,997 रुपये की ठगी हुई। उसने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उसकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है








