प्राधिकरण में लापरवाही और जनता की शिकायतों पर होगी अधिकारियों की जवाबदेही,सुस्त अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

खबर शेयर करें -

नैनीताल। आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री भावना मेहरा ने जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी कि कामकाज में लापरवाही, अनावश्यक देरी और जनता की समस्याओं की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र में व्यवस्थित निर्माण को बढ़ावा देना है। जनता की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

शुक्रवार को नैनीताल स्थित जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए राज्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अधिकारी और कर्मचारी आमजन के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करें। किसी भी व्यक्ति को अपने छोटे-बड़े कार्य के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण करने और समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा।

बैठक में कई अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर भावना मेहरा ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके से ही फोन कर अनुपस्थित अधिकारियों को फटकार लगाई और उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिले में प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों में शिथिलता मिलने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश भी दिए।

राज्यमंत्री ने जिले की नगरपालिकाओं और नगर निगम क्षेत्रों में आवंटित आवासों की जानकारी लेते हुए जिला पंचायत एवं नगर पालिका क्षेत्रों में आवासीय भवनों के मानचित्रों की स्वीकृति के दौरान मार्गों की चौड़ाई से जुड़े नियमों में आवश्यक शिथिलीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों के दायरे में आम जनता को राहत देने के लिए व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जनता को राहत देना और उनकी समस्याओं का समाधान करना प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी है। कार्यप्रणाली में सुधार लाएं और यह सुनिश्चित करें कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

इससे पूर्व कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री का स्वागत किया। बैठक में मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, दया किशन पोखरिया, मनोज भट्ट, हरीश राणा, प्रदीप बिष्ट, डीएसए महासचिव मनोज जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा, सभासद लता दफौटी, गजाला कमाल, संतोष साह, शिवांशु जोशी, अखिलेश सेमवाल, मोहित लाल साह, आशुतोष चंदोला, अर्पण जैन, शुभम कुमार, पूरन चंद्र जोशी, कमलेश रावत, उज्ज्वल चंद्रा, नीतू जोशी, रचना मेहरा और मीनाक्षी आर्य मौजूद रहे। इसके अलावा सहायक अभियंता अभिषेक कुमार, शिवम धीमान, अधिशासी अभियंता एसके सहगल, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य, प्रोजेक्ट ऑफिसर चांदनी बंसल सहित नगर निगम, जिला पंचायत, नगरपालिका, पर्यटन, विद्युत, उरेडा और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्बंधित खबरें