बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर हाथी पहाड़ के जंगल में क्रैश, पायलट समेत छह की मौत, माणा घूमकर सहस्रधारा जा रहे थे सभी यात्री

खबर शेयर करें -

चमोली। उत्तराखंड में शुक्रवार को एक बड़ा हवाई हादसा हो गया। खराब मौसम के बीच बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर ज्योतिर्मठ क्षेत्र में हाथी पहाड़ के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना चांई गांव और लामबगड़ के बीच घने जंगल में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। सभी यात्री देश के प्रथम गांव माणा घूमने के बाद सहस्रधारा लौट रहे थे। इसी दौरान ज्योतिर्मठ क्षेत्र में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि किसी की जान नहीं बचाई जा सकी। बचाव दल दुर्गम जंगल से मृतकों के शवों को सड़क तक पहुंचाने में जुटे रहे।

ज्योतिर्मठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित बचाव एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया था। जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट किया। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48), निवासी दिल्ली, प्रतापा (41), अरुण सालुंके (44), वीबी शंकर गौड़ा (39), सुधीर के. (50) और एचएस नटराजा (51), सभी निवासी कर्नाटक के रूप में हुई है।

गौरतलब है कि ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर से जुड़ी यह पहली दुर्घटना नहीं है। इससे पहले भी कंपनी के हेलीकॉप्टर की केदारनाथ मंदिर के पास और सेरसी हेलीपैड के नजदीक सड़क पर क्रैश लैंडिंग हो चुकी है। कुछ दिन पहले इसी कंपनी के एक हेलीकॉप्टर को टिहरी जिले के चंबा के पास आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी थी। ताजा हादसे ने प्रदेश में हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सम्बंधित खबरें