
रुद्रपुर । विदेश भेजने के नाम पर लगातार ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में एक एजेंट ने एक युवक को विजिटर वीजा में गड़बड़ी की और फर्जी वर्क वीजा बनाकर विदेश भेज दिया। इसके चलते युवक को दुबई में परेशाानियों का सामना करना पड़ा और जुर्माना भी भरना पड़ा। वहीं भारत लौटकर जब उसने एजेंट से रकम वापस मांगी तो उसने सिर्फ तीस हजार रुपये लौटाए और शेष रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में वार्ड 21 रुद्रपुर निवासी मुजाहिद ने कहा है कि प्रीत विहार में अलीन खान का आवास विकास में जेड ग्लोबल के नाम से कार्यालय है। आरोप है कि अलीन ने वर्क परमिट पर दुबई भेजने और वहां नौकरी दिलाने का वादा किया। विदेश में नौकरी के लिए मुजाहिद ने अपनी बाइक और जेवर तक बेचकर दो लाख रुपये अलीन को दे दिए। आरोप है कि अलीन ने विजिटर वीजा में फर्जीवाड़ा कर वर्क वीजा बनाया और उसे दुबई भेज दिया।
दुबई पहुंचने पर उसे जुर्माना भरना पड़ा। वहीं किसी तरह भारत लौटने पर जब अलीन से रकम मांगी तो उसने मात्र 30 हजार रुपये लौटाए। आरोप है कि शेष 1.70 लाख रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।











