
हल्द्वानी। शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की पांच टीमों ने गुरुवार सुबह विभिन्न वार्डों में औचक निरीक्षण किया। नगर आयुक्त आशिमा गोयल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान कई सफाई कर्मचारी और सफाई नायक अपने निर्धारित कार्यस्थलों से अनुपस्थित पाए गए। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने स्वयं वार्ड संख्या 3, 4 और 6 का निरीक्षण किया। वहीं, नगर निगम के अन्य अधिकारियों की चार टीमों ने वार्ड संख्या 11, 17, 18, 25, 26, 27, 34, 36, 37, 57, 58 और 60 में सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले कर्मचारियों को लेकर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी सफाई कर्मचारी और सफाई नायक निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर पहुंचें और पूरी कार्यावधि में जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने समयबद्ध उपस्थिति दर्ज करना भी अनिवार्य करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था नगर निगम की कार्यप्रणाली का आईना होती है। स्वच्छ और व्यवस्थित शहर का सीधा संबंध नागरिकों के जीवन स्तर और शहर की छवि से है। इसलिए सफाई व्यवस्था में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











