आदेश जारी : इन जिले में सभी स्कूल रहेंगे बंद, आज आफत बनकर बरसेंगे बादल

खबर शेयर करें -

देहरादून/ हल्द्वानी। लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन और मलबा आने से कई संपर्क मार्ग बार-बार बंद हो रहे हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने चम्पावत, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, पिथौरागढ़, नैनीताल, बागेश्वर, चमोली, देहरादून और पौड़ी गढ़वाल जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार, आज प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चम्पावत जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की आशंका है।

वहीं देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

सम्बंधित खबरें