डीडीओ की बड़ी कार्रवाई ड्यूटी से नदारद ग्राम विकास अधिकारी निलंबित

खबर शेयर करें -

पौड़ी। रिखणीखाल ब्लाक में सेवारत एक ग्राम विकास अधिकारी को कार्य क्षेत्र ने नदारद रहना भारी पड़ गया। उक्त ग्राम विकास अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला विकास अधिकारी पौड़ी मनविंदर कौर ने निलंबन आदेश जारी किया है। निलंबित वीडीयो को खिर्सू ब्लाक कार्यालय अटैच किया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच बीडीओ पौड़ी को सौंपी गई है। जिले के रिखणीखाल ब्लाक के खंड विकास अधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को एक पत्र भेजा।

उन्होंने क्षेत्र में सेवारत एक ग्राम विकास अधिकारी पर कार्य क्षेत्र में बिना किसी सूचना के लगातार अनुपस्थित रहने, संबंद्ध किए जाने के बावजूद ब्लाक मुख्यालय से अनुपस्थित रहने के आरोप लगाए थे। बताया कि उक्त ग्राम विकास अधिकारी को जनवरी, मार्च, जून, अगस्त, सितंबर, अक्तूबर 2025 और जनवरी, फरवरी व मार्च 2026 में पत्र भेज कार्यक्षेत्र से अनुपस्थित रहने का कारण पूछा गया। लेकिन उनके द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी के लगातार अनुपस्थित रहने पर क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

बीडीओ ने कार्य व दायित्वों में घोर लापरवाही किए जाने और उच्च अधिकारियों के निर्देशों का अनुपालन नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए निलंबन की संस्तुति की थी। जिला विकास अधिकारी पौड़ी मनविंदर कौर ने बताया कि रिखणीखाल ब्लाक में सेवारत ग्राम विकास अधिकारी सुशील थपलियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर बीडीओ कार्यालय खिर्सू संबंद्ध किया गया है। बीडीओ पौड़ी को मामले की जांच सौंपी गई है।

सम्बंधित खबरें