
देहरादून। सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम समेत अन्य प्रमुख हस्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित मानहानिकारक बयान प्रसारित करने के मामले में देहरादून की कोतवाली नगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। मोती बाजार निवासी सागर की शिकायत पर 25 अक्टूबर की रात मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में उर्मिला सनावर पर वीडियो में आपत्तिजनक बयान देने का आरोप है। पुलिस वीडियो को प्रसारित करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
शिकायत के अनुसार, हरिद्वार रोड स्थित सीबीआई कोर्ट के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो पर सुजाता पॉल का लोगो लगा हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में उर्मिला सनावर मीडिया के कैमरों और माइक के सामने सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम, बीएल संतोष और आरती गौड़ के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक व्यक्तिगत आरोप लगा रही हैं।
शिकायत में कहा गया है कि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ बिना किसी न्यायिक आदेश या प्रमाण के इस तरह के आरोप प्रसारित करने से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही समाज में भ्रम, आक्रोश और वैमनस्य फैलने की आशंका भी जताई गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79, 352, 353 और 356 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट के निर्देश पर मामले की जांच उपनिरीक्षक राकेश रावत को सौंपी गई है।
पुलिस अब वीडियो की सामग्री, उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले लोगों और मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











