साइबर टिपलाइन की 11 शिकायतों से खुला बाल यौन शोषण का मामला, नाबालिग आरोपी के घर से मोबाइल-लैपटॉप बरामद

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में साइबर टिपलाइन से मिली शिकायतों के आधार पर पुलिस ने बाल यौन शोषण और आपत्तिजनक सामग्री इंटरनेट पर अपलोड करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस ने साइबर टिपलाइन से प्राप्त 11 शिकायतों का संज्ञान लेते हुए एफआईआर संख्या 373/2026 दर्ज की। मामले में पॉक्सो एक्ट की धारा 14/15 और आईटी एक्ट की धारा 67(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।

मामले की विवेचना काठगोदाम के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान को सौंपी गई। पुलिस की जांच में सामने आया कि घटना के समय आरोपी भी नाबालिग था। आरोप है कि उसने पड़ोस में रहने वाले एक बच्चे का यौन शोषण किया और उसका वीडियो बनाकर इंटरनेट पर अपलोड कर दिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान के बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक लैपटॉप और एक खाली मोबाइल बॉक्स बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, बरामद डिजिटल उपकरणों की जांच में बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक फोटो-वीडियो और अश्लील सामग्री को सर्च करने तथा डाउनलोड करने की हिस्ट्री मिली। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वाई-फाई के जरिए इंटरनेट का इस्तेमाल कर अश्लील सामग्री डाउनलोड करता था और उसे लैपटॉप में सुरक्षित रखता था। आरोप है कि उसने नाबालिग बच्चे को ऐसी सामग्री दिखाकर उसका यौन शोषण किया और घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर अपलोड किया।

नैनीताल पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के मोबाइल फोन, इंटरनेट और सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर नजर रखें। बच्चों को ऑनलाइन और वास्तविक जीवन में सुरक्षित-असुरक्षित व्यवहार के बारे में जागरूक करें तथा उनके साथ ऐसा विश्वासपूर्ण संवाद बनाए रखें कि वे किसी भी अनुचित गतिविधि की जानकारी बिना डर के दे सकें।

पुलिस ने कहा कि ऑनलाइन शोषण या ऐसी किसी गतिविधि की आशंका होने पर तत्काल सूचना दें। साइबर अपराध की शिकायत www.cybercrime.gov.in पर दर्ज कराई जा सकती है, जबकि आपात स्थिति में 112 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्रवाई में काठगोदाम पुलिस, एसओजी और नैनीताल साइबर सेल की टीम शामिल रही।



सम्बंधित खबरें