गौला फ्लाईओवर पर भीषण हादसा : डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, दो युवकों की मौत, युवक-युवती गंभीर

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। शहर के गौला फ्लाईओवर पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलटने से भीषण हादसा हो गया। दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे कार संख्या यूके 02ए 2544 काठगोदाम से लालकुआं की ओर जा रही थी। कार में एक युवती समेत चार लोग सवार थे। गौला फ्लाईओवर पर अचानक कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक और युवती का उपचार शुरू किया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घायल युवक और युवती का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनके होश में आने के बाद दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

सम्बंधित खबरें