
देहरादून। दून के एक प्रतिष्ठित स्कूल में 11वीं की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपों ने शिक्षा जगत में हलचल मचा दी है। मामले में शनिवार को पुलिस ने आरोपी फिजिक्स शिक्षक समेत चार लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इनमें स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य और एक अन्य व्यक्ति भी शामिल हैं। वहीं, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने एसपी जया बलोनी से वार्ता कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
मामला डालनवाला कोतवाली क्षेत्र के एक स्कूल का है। यहां 11वीं की छात्रा ने फिजिक्स के शिक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। शिकायत के बाद मामला तूल पकड़ने पर अब पुलिस ने शिक्षक के साथ ही विद्यालय प्रबंधन से जुड़े लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह का आचरण अक्षम्य है। उन्होंने शिकायत को दबाने और छात्रा पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय प्रबंधन और आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह स्वयं विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण करेंगी और पीड़ित छात्राओं की विशेष काउंसलिंग भी कराई जाएगी।
शिक्षक ने कहा कि यदि किसी बच्चे को लगता है कि उससे कोई गलती हुई है, तो वह इसके लिए क्षमाप्रार्थी है। उसने यह भी बताया कि एक बार छात्रा के देर से आने पर वह उसे प्रधानाचार्य के पास लेकर गया था।
फिलहाल, मामले में पुलिस की जांच और आरोपों की पुष्टि के बाद होने वाली कार्रवाई पर नजर है। महिला आयोग ने भी मामले में त्वरित कार्रवाई और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया है।











