
देहरादून। राज्य में 24 घंटे में जमकर बारिश हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों (09 जुलाई 2026 सुबह 8:30 बजे तक) में राज्य स्तर पर औसत 52.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सामान्य वर्षा मात्र 11.6 मिमी थी। इसमें सबसे अधिक उधम सिंह नगर और टिहरी जिले में बारिश हुई है। अभी भी बारिश जारी है।

जिले वार वास्तविक वर्षा (मिमी)
हरिद्वार: 119.8 मिमी (+781%)
उधम सिंह नगर: 119.1 मिमी (+1034%)
टिहरी गढ़वाल: 91.9 मिमी (+1034%)
नैनीताल: 85.3 मिमी (+473%)
अल्मोड़ा: 66.8 मिमी (+927%)
पौड़ी गढ़वाल: 66.8 मिमी (+447%)
देहरादून: 53.9 मिमी (+357%)
चंपावत: 40.6 मिमी (+162%)
रुद्रप्रयाग: 39.3 मिमी (+109%)
चमोली: 28.2 मिमी (+526%)
उत्तरकाशी: 25.3 मिमी (+117%)
बागेश्वर: 25.2 मिमी (+288%)
पिथौरागढ़: 13.3 मिमी (-28%)
भूस्खलन से मकान ढहा
टिहरी गढ़वाल । जिले के कद्दूखाल क्षेत्र में बुधवार शाम हुए भूस्खलन के दौरान एक जर्जर भवन देखते ही देखते ढह गया। राहत की बात यह रही कि भवन पहले से खाली था, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई।
सुरकंडा के पास चम्बा-मसूरी हाईवे (राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए) पर अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने के बाद प्रशासन ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए। खतरे को देखते हुए दो रेस्टोरेंट, आसपास के अस्थायी खोखे और श्रमिकों की झुग्गियों को खाली करा दिया गया। इसके कुछ ही देर बाद पास स्थित पुराना भवन भी ढह गया। भवन गिरने के साथ ही उसके आसपास रखा सामान और पानी की कई टंकियां भी नीचे खाई में जा गिरीं। भूस्खलन से ऊपर स्थित एक अन्य भवन की नींव भी प्रभावित हुई है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो यह भवन भी असुरक्षित हो सकता है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में होटल निर्माण के लिए की जा रही खुदाई को भूस्खलन की संभावित वजह माना जा रहा है। खुदाई के कारण पहाड़ी का हिस्सा कमजोर हुआ और भारी बारिश के बीच जमीन खिसक गई। मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है।








