
हल्द्वानी। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की हल्द्वानी ब्लाक इकाई ने उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय हल्द्वानी में अपनी मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। 13 सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षकों का ‘महा-आंदोलन’ के दूसरे चरण में संघ के पदाधिकारियों ने उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय में धरना प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की हल्द्वानी ब्लाक इकाई ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। शिक्षकों ने स्पष्ट कर दिया है कि शासन स्तर पर लगातार उपेक्षा के कारण अब वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
आंदोलनरत शिक्षकों ने मांग उठाई कि शिक्षकों को टी.ई.टी परीक्षा की अनिवार्यता से पूर्णतः मुक्त किया जाए, शिक्षकों को 17,140 का वेतनमान लाभ दिया जाए और पूरी सेवा में तीन पदोन्नतियों की गारंटी दी जाए।
धरना प्रदर्शन में जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ नैनीताल के जिला मंत्री डॉ.डी.एन.भट्ट, जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन आर्या, ब्लाक अध्यक्ष खीमेश भट्ट, ब्लाक मंत्री मतलूब हुसैन, कोषाध्यक्ष प्रेम प्रकाश दानी, भुवन चंद्र गुणवंत , प्रकाश देवरानी, सुशीला उप्रेती, जिला मीडिया प्रभारी ठाकुर दत्त पाण्डेय, नारायण दत्त कफल्टिया, ललित जोशी,जीवन सिंह चगेठा,चन्दन सिंह बर्गली व गणेश दत्त सती आदि शिक्षक प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ कै जिला मंत्री डॉ.डी.एन.भट्ट ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में जनपद नैनीताल के समस्त विधायकों और सांसद को शिक्षकों की मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया जाएगा। उसके बाद 18 मई को विशाल रैली निकालकर शिक्षकों की मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा।








