
लालकुआं। नगर में वाहन चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें न दिन का खौफ है और न कानून का डर। घरों के सामने खड़े वाहन हों या प्रतिष्ठानों के बाहर पार्क की गई बाइक और स्कूटी, शातिर चोर बेखौफ होकर दिनदहाड़े हाथ साफ कर रहे हैं। लेकिन इससे भी ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि एक पखवाड़े के भीतर वाहन चोरी की तीन वारदातें होने और संदिग्धों की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बावजूद पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में लालकुआं की पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
आखिर पुलिस की सक्रियता कहां है? जब चोर सरेआम वाहन उड़ा रहे हैं और उनकी गतिविधियां कैमरों में दर्ज हो रही हैं, तो फिर जांच की रफ्तार इतनी धीमी क्यों है? क्या पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान तक नहीं पहुंच पा रही है या फिर वाहन चोरों के नेटवर्क को तोड़ने में पुलिस की कोशिशें नाकाफी साबित हो रही हैं?
जानकारी के अनुसार, बजरी कंपनी निवासी व्यवसायी संतोष सिंह की बाइक बीती 11 नवंबर को वार्ड नंबर पांच से दिनदहाड़े चोरी कर ली गई। इससे ठीक एक दिन पहले, 10 नवंबर को इसी वार्ड से व्यापारी संजय खुराना की स्कूटी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, इससे पहले मस्तान पेट्रोल पंप पर कार्यरत एक युवक की बाइक भी शातिर चोर पेट्रोल पंप के ठीक सामने से उड़ा ले गए। लगातार हुई इन तीन वारदातों ने नगर में वाहन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
सबसे गंभीर पहलू यह है कि चोरी की घटनाओं से जुड़े संदिग्ध सीसीटीवी कैमरों में कैद बताए जा रहे हैं। इसके बावजूद अब तक न चोरी के वाहन बरामद हो पाए हैं और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। पीड़ित अपने वाहनों की बरामदगी की उम्मीद में रोजाना कोतवाली के चक्कर काटने को मजबूर हैं। वाहन चोरी का दर्द झेल रहे लोगों के लिए पुलिस के आश्वासन अब राहत के बजाय इंतजार की वजह बनते जा रहे हैं।
सवाल यह भी है कि क्या पुलिस ने सभी संबंधित सीसीटीवी फुटेज की गंभीरता से जांच की? क्या संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों के कैमरे खंगाले गए? चोरी के वाहनों को दूसरे क्षेत्रों में खपाने वाले संभावित नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए क्या प्रभावी कार्रवाई की गई? यदि इन सवालों के जवाब सामने नहीं आते तो पुलिस की जांच और कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
नगरवासियों के लिए चिंता की बात यह है कि जब दिनदहाड़े वाहन चोरी हो रहे हैं और वारदातों का खुलासा नहीं हो पा रहा है तो आम आदमी अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर किस पर भरोसा करे? पुलिस की जिम्मेदारी केवल मुकदमा दर्ज कर तलाश जारी होने का भरोसा देना नहीं, बल्कि अपराधियों को पकड़कर कानून का भय कायम करना भी है।
इधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा का कहना है कि पुलिस बाइक चोरों की तलाश में जुटी है। जल्द ही चोरी के वाहन बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
लेकिन लालकुआं की जनता का सवाल सीधा है—आखिर कब तक? तीन वाहन चोरी हो चुके हैं, संदिग्ध कैमरों में कैद हैं और पीड़ित अपनी गाढ़ी कमाई से खरीदे वाहनों की वापसी का इंतजार कर रहे हैं। अब जरूरत आश्वासनों की नहीं, बल्कि ठोस पुलिस कार्रवाई की है। देखना होगा कि लालकुआं पुलिस कब तक इन वारदातों का पर्दाफाश कर वाहन चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचाती है।











