
गैरसैंण (चमोली)। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण विधानसभा भवन परिसर से प्रदेशवासियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से बढ़ोतरी करने का ऐलान किया। इसके साथ ही छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं के बिजली बिलों के विलंबित भुगतान पर लगने वाला सरचार्ज माफ करने, अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने और लखपति दीदियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित करने का भी ऐलान किया।
राज्य स्थापना दिवस पर CM धामी ने कीं 13 बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने भराड़ीसैंण में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह में प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी 13 घोषणाएं कीं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को राहत: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से वृद्धि की जाएगी।
- लखपति दीदियों को आर्थिक मदद: लखपति दीदियों को कारोबार के विस्तार और नए स्वरोजगार कार्य शुरू करने के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
- वन्यजीव हमलों के पीड़ितों को सहायता: वन्यजीवों के हमले में घायल लोगों को मौजूदा सहायता के अतिरिक्त प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे उपचार के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी।
- हर जिले में डिजिटल लाइब्रेरी: प्रत्येक जनपद में जिला मुख्यालय से अलग नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और वाचनालय स्थापित किए जाएंगे।
- गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ना: अन्य माध्यमों से बिजली आपूर्ति वाले सभी राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
- प्रवासी उत्तराखंडियों को निवेश में सुविधा: प्रदेश में निवेश करने के इच्छुक प्रवासियों के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया सरल बनाई जाएगी।
- घर बैठे मिलेंगी सरकारी सेवाएं: बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को सरकारी सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराने के लिए ‘अपुणि सरकार’ पोर्टल को अधिक सरल और प्रभावी बनाया जाएगा।
- बिजली बिल सरचार्ज माफ: छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं के विलंबित बिजली बिल भुगतान पर लगने वाला सरचार्ज माफ किया जाएगा।
- गोपाल बाबू गोस्वामी और चंद्र सिंह राही को सम्मान: लोक संस्कृति और लोक भाषाओं के संरक्षण में योगदान के लिए स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी और स्वर्गीय चंद्र सिंह राही को उत्तराखंड गौरव सम्मान दिया जाएगा।
- अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़ेगा: अतिथि शिक्षकों के मानदेय में शीघ्र वृद्धि की जाएगी।
राज्य आंदोलनकारियों की मांगों पर बनेगी कैबिनेट समिति
मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित करने की घोषणा की। यह समिति आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण के नियमों में छूट, दोहरी पेंशन और आश्रितों को प्रमाणपत्र जारी करने जैसे मुद्दों पर अपनी संस्तुति देगी।











