मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न वाले 15 वाहन सीज, तेज आवाज करने वाले साइलेंसर उतरवाए

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। ध्वनि प्रदूषण फैलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी के हीरानगर क्षेत्र में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगे करीब 15 वाहनों को सीज किया गया।

प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में चौकी प्रभारी हीरानगर संजीत राठौर और पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कई वाहन मॉडिफाइड रेट्रो साइलेंसर और तेज आवाज वाले हॉर्न लगाकर सड़कों पर दौड़ते मिले। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए करीब 15 वाहनों को सीज कर दिया।

पुलिस ने सीज किए गए वाहनों से तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न भी उतरवाकर कब्जे में ले लिए। साथ ही वाहन चालकों को कंपनी निर्मित सामान्य ध्वनि वाले साइलेंसर लगवाने के निर्देश दिए। निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के बाद ही वाहनों को सुपुर्द किया गया।

नैनीताल पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल न करें। इससे आम लोगों और राहगीरों को परेशानी होती है और ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सम्बंधित खबरें