
हल्द्वानी। दीपावली पर्व के मद्देनजर हल्द्वानी के बाजारों को अतिक्रमण मुक्त बनाने, ग्राहकों और व्यापारियों के लिए अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था करने तथा जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग उठने लगी है। इस संबंध में व्यापारी प्रतिनिधियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर बाजार की व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि बाजार में अभी से पैदल चलना मुश्किल हो गया है। कई दुकानदारों ने दुकानों के आगे तक सामान फैलाया हुआ है, जबकि कुछ ने दुकानों के सामने की जगह किराये पर दे रखी है। इसके अलावा घुमंतू ठेले वालों और सड़क किनारे लगने वाली अस्थायी दुकानों के कारण बाजार में आवागमन बाधित हो रहा है। इससे ग्राहकों को खरीदारी करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में रोडवेज और केएमओयू बस स्टेशनों को दीपावली तक अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग भी उठाई गई है। व्यापारियों का कहना है कि बस स्टेशनों के कारण बाजार क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ता है और जाम की स्थिति बनी रहती है। इन बस स्टेशनों को अस्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित कर वहां ठेले और जमीन पर दुकान लगाने वाले छोटे कारोबारियों को जगह दी जा सकती है। इससे बाजार में व्यवस्थित तरीके से कारोबार होगा और ग्राहकों को भी खरीदारी में सहूलियत मिलेगी।
ज्ञापन देने वालों में महानगर अध्यक्ष कैलाश जोशी, महानगर महामंत्री मधुकर बनोला, महानगर महिला अध्यक्ष रेनू टंडन, महिला महामंत्री प्रेमा बिष्ट, महानगर युवा अध्यक्ष प्रशांत अधिकारी, युवा महामंत्री गौरव गुप्ता, जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता, जिला महामंत्री हर्षवर्धन पांडे, युवा जिलाध्यक्ष प्रदीप सब्बरवाल, युवा कोषाध्यक्ष पवन वर्मा, महिला जिलाध्यक्ष कुसुम दीगारी, जिला सह कोषाध्यक्ष विजय तिवाड़ी, जिला संयुक्त महामंत्री कौशलेंद्र भट्ट, जिला सचिव अरविंद चौहान और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के संरक्षक एनके पांडे सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।











