
नैनीताल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की वर्षगांठ को भव्य रूप से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद के प्रमुख राजकीय भवनों को एलईडी लाइटों से रोशन किया जाएगा। कुमाऊं मंडल विकास निगम भी अपने कार्यालयों और पर्यटक आवास गृहों को आकर्षक ढंग से प्रकाशित करेगा। स्थापना दिवस पर नैनीताल में मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ डीएसए मैदान मल्लीताल से शुरू होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए वापस डीएसए मैदान में संपन्न होगी। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ एनसीसी और एनएसएस कैडेट भी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसी तरह हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम से भी मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला क्रीड़ा अधिकारी को आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी है। मैराथन के दौरान स्वास्थ्य विभाग दो मेडिकल सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस उपलब्ध कराएगा, जबकि पुलिस विभाग यातायात व्यवस्था संभालेगा।
इसके बाद सुबह 10 बजे डीएसए मैदान में राज्य स्थापना दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा। दोपहर 12 बजे नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता शुरू होगी, जबकि दोपहर एक बजे से डीएसए मैदान में हिमालय फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इसमें पहाड़ के पारंपरिक और स्थानीय व्यंजनों के विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग और एसडीएम नैनीताल को आपसी समन्वय से मंच, स्टॉल, साउंड सिस्टम और लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। नौकायन, सेलिंग, रिंगाटा, दीपदान और अन्य संबंधित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी नगर पालिका को सौंपी गई।
बैठक में जल संस्थान को निर्बाध पेयजल आपूर्ति, जिला पूर्ति अधिकारी को अतिथियों के जलपान तथा उद्यान विभाग को अतिथि सत्कार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। जिला पर्यटन विकास अधिकारी को हिमालय फूड फेस्टिवल और टेंट व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई। विद्युत विभाग मुख्य मंच और स्टॉलों में विद्युत संयोजन सुनिश्चित करेगा। इसके अलावा मुख्य शिक्षा अधिकारी, संस्कृति विभाग और सूचना विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैंड प्रस्तुति, झांकियां, छोलिया नृत्य और उद्घोषक की व्यवस्था आपसी समन्वय से करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ अस्वाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार पंत, एसडीएम अनुराग आर्या, एसडीएम रेखा कोहली, जिला पर्यटन अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, सीओ नैनीताल सहित विद्युत, स्वास्थ्य, उद्यान और नगर पालिका के अधिकारी मौजूद रहे।











