राज्य स्तरीय टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता : अंडर-11 और अंडर-13 वर्ग के फाइनल मुकाबले संपन्न, विजेता खिलाड़ियों को किया गया पुरस्कृत

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। नैनीताल डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित तृतीय राज्य स्तरीय टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हल्द्वानी स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि दीपक पांडे एवं राकेश गुप्ता ने किया।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन पुरुष एवं महिला वर्ग की विभिन्न आयु श्रेणियों में रोमांचक मुकाबले खेले गए। अंडर-11 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में काव्या सती (चमोली) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अवनी (ऊधम सिंह नगर) द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि सावी (देहरादून) एवं यमिका भगत (नैनीताल) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

अंडर-13 बालक वर्ग में शार्दुल नेगी (चमोली) ने प्रथम स्थान हासिल किया। महत्व गुरुंग (नैनीताल) द्वितीय रहे, जबकि आरव भंडारी (पौड़ी) एवं आरव (चमोली) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं अंडर-13 बालिका वर्ग में मानवी कोरंगा (नैनीताल) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सावी (देहरादून) ने द्वितीय तथा ख्याति शर्मा (नैनीताल) एवं आन्या रावत (पौड़ी) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इसके साथ ही प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-15 बालक एवं बालिका तथा अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबलों का भी शुभारंभहुआ। इन वर्गों में प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ अपने खेल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि दीपक पांडे एवं राकेश गुप्ता ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का निरंतर आयोजन होते रहना चाहिए। ऐसी प्रतियोगिताओं से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है।

सम्बंधित खबरें