
ऊधमसिंहनगर। ऑस्ट्रेलिया भेजकर नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 5.05 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नानकमत्ता के ग्राम बिचई निवासी श्याम सिंह पुत्र समुदर सिंह ने मुख्यमंत्री, एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों को शिकायत भेजी थी। शिकायत में आरोप लगाया कि ग्राम टुकड़ी निवासी बेअंत सिंह ने उसके भाई गोविंदा सिंह को ऑस्ट्रेलिया भेजने और नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके लिए आठ लाख रुपये में सौदा तय हुआ और आरोपी ने आधार कार्ड, पैन कार्ड, जाति, निवास प्रमाणपत्र तथा शैक्षिक दस्तावेज ले लिए।
आरोप है कि कई किस्तों में 5.05 लाख रुपये लेने के बाद गोविंदा को मुंबई से श्रीलंका, फिर मलेशिया भेजा गया, लेकिन वापस बुला लिया गया। बाद में उसे थाईलैंड भेजा गया, जहां वह करीब डेढ़ माह फंसा रहा। लौटने पर वीजा फर्जी निकला। रुपये और दस्तावेज मांगने पर धमकी देने का भी आरोप है। कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।









