
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) पेपर लीक प्रकरण में बड़ी कार्रवाई हुई है। सीबीआई ने देर रात नकल विरोधी कानून के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए चार लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें खालिद, सुमन, साबिया और हीना के नाम शामिल हैं।
मामला देहरादून एसीबी (Anti-Corruption Branch) शाखा में दर्ज किया गया है। जांच की जिम्मेदारी असिस्टेंट सुप्रिटेंडेंट राजीव चंदोला को सौंपी गई है। बताया जा रहा है कि सीबीआई ने प्रारंभिक जांच के दौरान कई अहम सबूत जुटाए हैं, जिनके आधार पर केस दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि 21 सितंबर को हुई स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा के दौरान पेपर लीक होने की बात सामने आई थी। इस मामले में युवाओं ने लंबे समय तक आंदोलन चलाया था, जिसके बाद राज्य सरकार ने केंद्र से सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।
अब सीबीआई की सक्रियता के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश होगा और दोषियों को सख्त सजा मिलेगी।








