
उत्तरकाशी। एक जुलाई की देर रात चौकी गंगोत्री क्षेत्र में एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बाइक में तीन युवक सवार थे। दो युवक घायल हो गए। तीसरा युवक लापता है। एसडीआरएफ ने सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भैरवघाटी से लगभग तीन किलोमीटर आगे गंगोत्री की ओर एक मोटरसाइकिल (संख्या यूपी-20 एएन -7789) दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ टीम प्रभारी उपनिरीक्षक देवीदत्त बडथ्वाल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर ज्ञात हुआ कि दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति सवार थे। दुर्घटना में दो व्यक्ति सामान्य रूप से घायल हुए, जिन्हें 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार हेतु अस्पताल भेज दिया गया।
वहीं तीसरे व्यक्ति सुरेश लामा (उम्र 26 वर्ष), पुत्र कुलबहादुर, निवासी नेपाल, हाल निवासी हिमाचल प्रदेश, के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई। एसडीआरएफ टीम द्वारा संभावित क्षेत्र में देर शाम तक सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया।
लापता व्यक्ति की तलाश हेतु एसडीआरएफ द्वारा सभी संभावित स्थानों पर व्यवस्थित एवं गहन खोजबीन की जा रही है। आज प्रातः पुनः सर्च अभियान संचालित किया जाएगा। एसडीआरएफ टीम द्वारा स्थानीय पुलिस एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के समन्वय से लापता व्यक्ति को शीघ्र खोजने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।









