चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक : अस्पतालों में मरीजों को बाहर की दवा न लिखें डाॅक्टर : ललित मोहन रयाल

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई।

सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में स्वीकृत पदों में तैनाती हेतु शासन को शीघ्र पत्राचार करने, पुराने आवासों को मरम्मत के साथ साथ नवनिर्मित भवनों के शीघ्र हस्तांतरण को लेकर अवशेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश, इलेक्ट्रिक स्टेबलाइजर और ओटी हेतु आवश्यक उपकरण क्रय करने हेतु स्वीकृति, पुरानी देयता का भुगतान सीएमओ/पीएमएस जांच उपरांत करेंगे।

बीडी पांडेय चिकित्सालय की व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था हेतु निर्देशित किया गया। 5 इनवर्टर क्रय करने हेतु अनुमति दी गई। आवश्यकीय दवाओं और जच्चा बच्चा हेतु क्रय करने हेतु स्वीकृति दी गई। चिकित्सालय में विभिन्न लघु आवश्यकीय मरम्मत की स्वीकृति दी गई। बड़े कार्यों को लेकर शासन को डीपीआर बनाने के निर्देश दिए गए। छोटी एंबुलेंस क्रय करने की अनुमति दी गई। आवश्यकीय स्वीकृत पदों के सापेक्ष आउटसोर्स कार्मिकों को नियमानुसार रखने की भी स्वीकृति दी गई।

महिला चिकित्सालय में आवश्यक सुविधाओं को बेहतर करने के लिए शौचालय समेत अन्य निर्माण एवं रखरखाव संबंधी कार्यों पर भी चर्चा हुई। वहीं महिला अस्पताल में लघु निर्माण और आउटसोर्स कार्मिकों की तैनाती के निर्देश दिए गए।

रामनगर चिकित्सालय में आईसीयू के शीघ्र संचालन सहित अन्य व्यवस्थाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सभी प्रमुख व मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को बाहर से दवा न लिखी जाए। अस्पतालों में आवश्यक जेनरिक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को दवा के लिए अस्पताल से बाहर न जाना पड़े।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष नैनीताल डॉ. सरस्वती खेतवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत, पीएमएस डॉ. द्रोपदी गर्ज्याल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रामनगर डॉ. तपन कुमार शर्मा, एसटीओ कोषागार डीके अन्नू, सुभाष चंद्र समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें