
देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते अगले एक सप्ताह तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 17 जुलाई तक का पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, तेज गर्जना और वज्रपात की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को कुमाऊं मंडल के अधिकांश जिलों और गढ़वाल मंडल के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
रविवार को भी प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों और मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। देहरादून, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत जिलों में बारिश की संभावना अधिक रहेगी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 13 जुलाई को बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जबकि अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
14 जुलाई को देहरादून, चंपावत, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी वर्षा की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में बादल गरजने और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है।
15 जुलाई को भी प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश के आसार हैं, जबकि अन्य जिलों में तेज बारिश हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने 11 जुलाई से 17 जुलाई तक प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बारिश के दौरान नदी-नालों, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।








