36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- ईमानदारी और संवेदनशीलता से करें जनसेवा

खबर शेयर करें -

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसेवा का दायित्व पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ निभाने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रशासन की जिम्मेदारी सीधे आमजन की जमीन, आजीविका और अधिकारों से जुड़ी है। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान हो तथा किसी को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न काटने पड़ें।

36 चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि बेटियों की यह सफलता सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। उन्होंने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के पीछे अभ्यर्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ उनके माता-पिता और गुरुजनों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही अब उनके कंधों पर जनता की सेवा की बड़ी जिम्मेदारी है। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि तभी होगी, जब उनके कार्यों से आम आदमी को समय पर राहत और न्याय मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का निस्तारण पूरी सावधानी और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए। एक किसान के लिए उसकी जमीन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। इसलिए अधिकारियों को हर मामले में संबंधित परिवार की परिस्थितियों को समझते हुए निष्पक्ष निर्णय लेना चाहिए।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का जिक्र करते हुए धामी ने कहा कि युवाओं की मेहनत और भविष्य की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। प्रत्येक नियुक्ति के पीछे किसी युवा की वर्षों की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। इसलिए नवनियुक्त अधिकारी अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता से काम करें। उनकी असली पहचान इस बात से बनेगी कि आमजन कितने विश्वास के साथ अपनी समस्याएं लेकर उनके पास आते हैं और उन्हें कितनी आसानी से समाधान मिलता है।

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को इस सोच के साथ काम करना चाहिए कि राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिक से अधिक लाभ कैसे पहुंचाया जा सकता है। खासकर उन लोगों के प्रति उनकी जिम्मेदारी अधिक है, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक है। कार्यक्रम में सचिव राजस्व एसएन पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें