
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक और चुनावी हलचल तेज होने के संकेत मिलने लगे हैं। प्रदेश में इस बार विधानसभा चुनाव की आचार संहिता जनवरी के अंतिम सप्ताह में लागू हो सकती है। अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, 27 से 30 जनवरी के बीच चुनाव आचार संहिता लागू होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, मार्च के पहले सप्ताह में मतदान का पहला चरण कराया जा सकता है ।
चुनावी कार्यक्रम के संभावित समय निर्धारण के पीछे बोर्ड परीक्षाओं को प्रमुख वजह माना जा रहा है। राज्य और केंद्रीय बोर्ड की परीक्षाएं फरवरी के मध्य से शुरू होकर मार्च तक चलनी हैं। ऐसे में निर्वाचन आयोग के सामने चुनावी प्रक्रिया और परीक्षा कार्यक्रम के बीच तालमेल बैठाने की चुनौती होगी। सरकारी स्कूलों के भवनों का इस्तेमाल मतदान केंद्रों के रूप में होता है और शिक्षकों की भी चुनाव ड्यूटी में महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसी वजह से चुनाव कार्यक्रम तय करते समय बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
बोर्ड परीक्षाओं के बीच चुनाव कराना चुनौती
इस बार सीबीएसई की दसवीं और बारहवीं की मुख्य परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होनी हैं। सीबीएसई दसवीं की परीक्षाएं मार्च के अंत तक और बारहवीं की परीक्षाएं आठ अप्रैल तक प्रस्तावित हैं। वहीं, आईसीएसई की दसवीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से 31 मार्च और बारहवीं की परीक्षाएं नौ फरवरी से आठ अप्रैल तक चलेंगी। उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं भी फरवरी के पहले सप्ताह से मार्च के बीच प्रस्तावित हैं।
यूपी चुनाव का भी रहेगा असर
उत्तर प्रदेश में भी 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वहां तीन चरणों में चुनाव कराने की तैयारी की चर्चा है। ऐसे में उत्तराखंड के चुनावी कार्यक्रम को लेकर भी व्यापक स्तर पर समन्वय की जरूरत होगी। उत्तराखंड में मार्च के पहले सप्ताह में मतदान की संभावना इसी चुनावी कैलेंडर के संदर्भ में देखी जा रही है।











