
विकासनगर। देहरादून के विकासनगर क्षेत्र के मलूकावाला-छोटूवाला स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में 21 वर्षीय युवक का शव पंखे से लटका मिला। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र संचालकों पर युवक के साथ मारपीट करने और हत्या को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
परिजनों का आरोप है कि उनके मौके पर पहुंचने से पहले ही पुलिस ने शव को नीचे उतार दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार, रजा शिवपुरी-डाकपत्थर निवासी इमरान उर्फ भूरा (21) पुत्र रमजान पिछले चार वर्षों से नशे की लत से जूझ रहा था। परिजनों ने बताया कि इससे पहले भी उसे कई बार इसी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। तीन दिन पहले ही परिजनों ने उसे दोबारा केंद्र में भर्ती कराया था।
एसएसआई शिशुपाल राणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।











