
हल्द्वानी। भीमताल झील के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) ने पहल तेज कर दी है। जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देश पर झील का चार दिवसीय बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। 20 से 23 नवंबर तक चले इस सर्वेक्षण में आधुनिक तकनीक के जरिए झील की गहराई, जल भंडारण क्षमता और तल में जमा गाद एवं तलछट की स्थिति का वैज्ञानिक आकलन किया गया। सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर अब झील के पुनर्जीवन और गाद निकासी (ड्रेजिंग) की संभावनाओं को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी
यह सर्वेक्षण रुड़की की मैसर्स जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज के माध्यम से आधुनिक उपकरणों की मदद से कराया गया। सर्वेक्षण के दौरान मोटर बोट पर इकोसाउंडर उपकरण स्थापित कर झील के विभिन्न हिस्सों की गहराई मापी गई। वहीं, झील की परिधि पर डीजीपीएस (डिफरेंशियल ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) की मदद से सर्वेक्षण बिंदुओं की सटीक भौगोलिक स्थिति और निर्देशांक दर्ज किए गए।
सर्वेक्षण में ड्यूल फ्रीक्वेंसी सिंगल बीम इकोसाउंडर और मल्टी-कॉन्स्टेलेशन डीजीपीएस/जीएनएसएस सिस्टम का उपयोग किया गया। आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए करीब 10 मीटर के अंतराल पर सर्वे ट्रांसेक्ट निर्धारित किए गए। इसके साथ ही क्रॉस-चेक लाइन और झील की बाहरी सीमा का भी सर्वेक्षण किया गया।
सर्वेक्षण के आधार पर झील का बैथिमेट्रिक कंटूर एवं डेप्थ प्लान, क्रॉस-सेक्शन प्रोफाइल और डिजिटल बेड सरफेस तैयार किया जाएगा। इसके अलावा झील की कुल जल भंडारण क्षमता, तलछट की मोटाई और संभावित ड्रेजिंग की मात्रा का आकलन भी किया जाएगा। तकनीकी रिपोर्ट में 3डी डिजिटल टेरेन मॉडल, 10 मीटर सीएडी क्रॉस-सेक्शन और एरिया-कैपेसिटी कर्व भी तैयार किए जाएंगे।
इन आंकड़ों से यह स्पष्ट हो सकेगा कि झील में वर्तमान में कितना पानी संग्रहित किया जा सकता है और किन हिस्सों में सबसे अधिक गाद जमा है। साथ ही वैज्ञानिक तरीके से गाद निकासी की संभावनाओं और उसकी व्यवहार्यता का भी पता चलेगा।
सर्वेक्षण का उद्देश्य केवल झील की गहराई मापना नहीं, बल्कि उसकी मौजूदा भौतिक स्थिति और जल संग्रहण क्षमता का विस्तृत अध्ययन करना है। तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर झील के संरक्षण, गाद निकासी और जल भंडारण क्षमता के बेहतर प्रबंधन से जुड़े कार्यों की योजना बनाई जाएगी। SARRA की इस पहल से भीमताल झील के दीर्घकालिक संरक्षण और सतत प्रबंधन को वैज्ञानिक आधार मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय पर्यावरण, जल स्रोतों के संरक्षण और पर्यटन गतिविधियों को भी लाभ पहुंच सकता है।











