एसबीआई के मैनेजर, पत्नी और ससुर पर 55 लाख के जेवर गायब करने का आरोप, धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून में बैंक के ज्वाइंट लॉकर से लाखों रुपये के जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की नेहरू कॉलोनी शाखा के तत्कालीन प्रबंधक, अपनी पत्नी और ससुर के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश और लॉकर से करीब 50 से 55 लाख रुपये के आभूषण गायब करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, अटल एन्क्लेव, किद्दुवाला निवासी कपिल फरासी का एसबीआई की नेहरू कॉलोनी शाखा में बैंक खाता है। उनकी पत्नी नेहा भी इसी शाखा में कार्यरत हैं। कपिल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक फरवरी को उनकी पत्नी नेहा उन्हें और अपने 12 वर्षीय बेटे को छोड़कर चली गई थीं। इसके बाद पारिवारिक विवाद बढ़ गया।

पुलिस के मुताबिक, अटल एन्क्लेव, किद्दुवाला निवासी कपिल फरासी का एसबीआई की नेहरू कॉलोनी शाखा में बैंक खाता है। उनकी पत्नी नेहा भी इसी शाखा में कार्यरत हैं। कपिल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक फरवरी को उनकी पत्नी नेहा उन्हें और अपने 12 वर्षीय बेटे को छोड़कर चली गई थीं। इसके बाद पारिवारिक विवाद बढ़ गया।

कपिल का आरोप है कि 18 मार्च को उन्होंने जमीन खरीदने के उद्देश्य से एसबीआई में जमा अपनी दो एफडी तुड़वाईं और रकम पंजाब एंड सिंध बैंक के खाते में ट्रांसफर कर दी। इसी दौरान एसबीआई के तत्कालीन शाखा प्रबंधक वैभव अग्रवाल ने कथित तौर पर दूसरे बैंक के प्रबंधक को फोन और ई-मेल के माध्यम से संपर्क कर इस लेनदेन को साइबर अटैक से जुड़ा बताया। आरोप है कि इसके बाद ट्रांसफर की गई रकम वापस मंगवा ली गई और उस पर होल्ड लगवा दिया गया। कपिल ने जब इस कार्रवाई का विरोध किया तो उन्हें कथित तौर पर धमकी भी दी गई।

शिकायतकर्ता ने अपनी तहरीर में पत्नी नेहा और तत्कालीन बैंक प्रबंधक के बीच करीबी संबंध होने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि घर की अलमारी की जांच करने पर उन्हें कुछ ऐसे संदेश और महंगे उपहारों से जुड़े साक्ष्य मिले, जिनसे दोनों के बीच संबंधों को लेकर संदेह हुआ।

मामले का सबसे गंभीर पहलू बैंक के ज्वाइंट लॉकर से जेवर गायब होने का है। कपिल के मुताबिक, एसबीआई की नेहरू कॉलोनी शाखा में उनका ज्वाइंट लॉकर संख्या 41 था। इसमें परिवार के करीब 50 से 55 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। 18 मार्च को जब उन्होंने लॉकर खुलवाया तो उसमें रखे सभी जेवर गायब मिले। इससे उनके होश उड़ गए।

कपिल ने आरोप लगाया कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक वैभव अग्रवाल और उनकी पत्नी नेहा ने कथित साजिश के तहत लॉकर से संबंधित दस्तावेजों में बदलाव कराया। आरोप है कि लॉकर फॉर्म में नेहा के पिता अमृत कुमार पुन को तीसरे ऑपरेटर के रूप में शामिल कर दिया गया। इसके बाद दो फरवरी को ही ज्वाइंट लॉकर खाली कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने इस पूरे घटनाक्रम में बैंक प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए तीनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इंस्पेक्टर देवेंद्र चौहान ने बताया कि कपिल फरासी की तहरीर के आधार पर तत्कालीन शाखा प्रबंधक वैभव अग्रवाल, उनकी पत्नी नेहा और ससुर अमृत कुमार पुन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लॉकर संचालन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सम्बंधित खबरें