डीईओ के निरीक्षण में 80 फीसदी बच्चे हिन्दी तक नहीं पढ़ पाए: अनियमितताएं मिलने पर प्रधानाध्यापक निलंबित

खबर शेयर करें -

ऊधमसिंहनगर। जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने काशीपुर ब्लॉक के चार विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पैगा में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर प्राथमिक विद्यालय पैगा के प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। दोनों विद्यालयों के अन्य शिक्षकों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण में राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैगा का पुस्तकालय लंबे समय से बंद मिला। पुस्तकालय पंजिका भी उपलब्ध नहीं थी। शिक्षकों को समर कैंप कार्यक्रम की जानकारी नहीं थी और मध्याह्न भोजन योजना से संबंधित पंजिकाओं में भी अनियमितताएं पाई गईं। शैक्षिक स्तर की स्थिति भी चिंताजनक रही। कक्षा तीन से पांच तक के करीब 80 प्रतिशत विद्यार्थी हिन्दी पढ़ने में असमर्थ पाए गए। दोनों विद्यालयों में साफ-सफाई व्यवस्था भी खराब मिली। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि तीन माह बाद दोनों विद्यालयों का दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। अपेक्षित सुधार मिलने पर ही शिक्षकों का रोका गया वेतन जारी किया जाएगा। वहीं, राजकीय प्राथमिक विद्यालय फसियापुरा की व्यवस्थाएं संतोषजनक और शिक्षण कार्य नियमित मिला। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबे समय से लंबित शिकायतों के आधार पर स्ट्रेटन वर्ल्ड अकादमी, काशीपुर का भी औचक निरीक्षण किया गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा शिकायतों का जवाब नहीं दिए जाने पर डीईओ ने प्रबंधन से वार्ता कर सभी लंबित शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया।

जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि काशीपुर विकासखंड के चार विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। पैगा के दोनों विद्यालयों में अनियमितताएं मिली हैं। लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया है। बच्चों की शिक्षा में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी

सम्बंधित खबरें