कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या-गिरधारी साहू विवाद : एसआईटी ने बढ़ाया जांच का दायरा, बरेली से दिल्ली तक दबिश

खबर शेयर करें -

देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद की जांच कर रही एसआईटी ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। टीम बरेली, हल्द्वानी और दिल्ली में दबिश देकर जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही गिरधारी लाल साहू के करीबियों से भी पूछताछ की गई है। एसआईटी इन लोगों से कारोबारी लेनदेन, कंपनियों के कामकाज और विवाद से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटा रही है।

जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और संबंधित लोगों के संपर्कों के आधार पर टीम मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मंत्री रेखा आर्या की शिकायत में लगाए गए आरोपों की अलग-अलग पहलुओं से पड़ताल की जा रही है। दूसरे शहरों में दबिश और करीबियों से पूछताछ को जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है।

एसआईटी उन कंपनियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है, जिनसे जुड़े पदों और दस्तावेजों में कथित हेरफेर के आरोप लगाए गए हैं। टीम कंपनी के मूल दस्तावेजों, हस्ताक्षरों, वित्तीय लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि संबंधित दस्तावेजों में कथित बदलाव कैसे और किन परिस्थितियों में हुए। इसके लिए दस्तावेजों और संबंधित लोगों से मिली जानकारियों का मिलान किया जा रहा है।

एसआईटी मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज कर चुकी है। उन्होंने जांच टीम को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। दावा किया गया है कि इस रिकॉर्डिंग में मंत्री और उनके नाबालिग बच्चों को नुकसान पहुंचाने की कथित साजिश से जुड़ी बातचीत है। एसआईटी अब रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता और उसमें सुनाई देने वाली आवाजों के मिलान के लिए फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।

एसआईटी प्रभारी एवं एसपी देहात जया बलोनी ने बताया कि फिलहाल बयानों, दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और संबंधित लोगों से मिली जानकारियों का मिलान किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी।

सम्बंधित खबरें